लातविया में भारतीय संस्कृति की दिव्यता का अद्भुत प्रदर्शन: आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान में दिव्य यज्ञ संस्कार का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय प्रवास – लातविया
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के मार्गदर्शन में लातविया के साला स्पिल्स स्थित राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान (National Botanical Garden) की पुण्यभूमि पर एक दिव्य यज्ञ संस्कार का आयोजन सम्पन्न हुआ।
यह उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित उद्यान में इस प्रकार के किसी आध्यात्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति पहली बार प्रदान की गई है, जो भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकृति एवं उसकी आत्मिक छाया को प्रतिबिंबित करता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लातवियन परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा लातविया में भारत की नव-नियुक्त राजदूत श्रीमती नम्रता कुमार जी की विशिष्ट उपस्थिति से और भी बढ़ गई।
यज्ञ के माध्यम से उत्तराखंड की हालिया त्रासदी से प्रभावित जनसमुदाय तथा आज ही के दिन हिरोशिमा एवं नागासाकी की विभीषिका में वीरगति को प्राप्त हुए हुतात्माओं को श्रद्धापूर्वक आहुति समर्पित की गई।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि लातविया के अनेक परिजनों ने भारतीय तिरंगे के साथ भावविभोर होकर चित्र भी खिंचवाए, जो भारतीय संस्कृति के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है।
