शांतिकुंज में माता भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई
हरिद्वार, 7 सितंबर 2025 - परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस के उपलक्ष्य में, शांतिकुंज में आयोजित दो-दिवसीय कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक चले अखंड जप के साथ हुआ।
अखंड जप के समापन के बाद, शांतिकुंज का पूरा वातावरण शंख, घंटे, घड़ियाल और युगनिर्माणी जयघोषों की तेज और गगनचुंबी ध्वनि से गूंज उठा, जिसके साथ ही एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शांतिकुंज महिला मंडल की अध्यक्षा, आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी और शांतिकुंज के व्यवस्थापक, आदरणीय श्री योगेंद्र गिरी जी ने हरी झंडी दिखाकर इस शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे चल रही महिलाएं तुमुल शंखनाद करते हुए आगे बढ़ रही थीं, मानो वे गायत्री परिवार नारी जागरण की शिल्पकार, परम वंदनीया माता जी को यह विश्वास दिला रही हों कि उनके द्वारा जलाई गई नारी जागरण की मशाल को हम हमेशा जाज्वल्यमान रखेंगी।
शांतिकुंज महिला मंडल की नारी जागरण बैंड ने प्रज्ञा गीतों की धुन पर इस पूरी यात्रा का संचालन किया। इस भव्य शोभायात्रा में धर्म पताकाएँ और जीवन बदल देने वाले संदेश अंकित बैनर लिए हजारों परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आदरणीया शेफाली दीदी का उद्बोधन
शोभायात्रा के बाद, सुबह 8 बजे शांतिकुंज के विशाल सभागार में हजारों परिजन एकत्रित हुए। इस अवसर पर आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी ने "सजलश्रद्धास्वरूपा परम वंदनीया माता जी" विषय पर अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि माता जी का जीवन केवल नारियों के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि माता जी ने लाखों-करोड़ों व्यक्तियों पर अपना प्यार लुटाया। गायत्री परिवार से जुड़ने वाला हर व्यक्ति यही महसूस करता है कि माता जी का प्यार उसे सबसे ज़्यादा मिला है, और शायद ही कोई इस धरती पर उनसे ज़्यादा सौभाग्यशाली हो।
