मीडिया की भूमिका सशक्त होनी चाहिए : दत्तात्रेय होसबाले डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा — असुरक्षा, अनैतिकता और भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने का समय अब आ गया है
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि मीडिया समाज के नैतिक उत्थान का सशक्त माध्यम है। मीडिया को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। आज जब समाज असुरक्षा, अनैतिकता और भ्रष्टाचार की चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में मीडिया का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है।
श्री होसबाले शांतिकुंज हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित दो-दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी “राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका” के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के पास वैचारिक समृद्धि का अनमोल भंडार है, जिसे जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया को अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आज मीडिया केवल सूचना का माध्यम न रहकर समाज के संस्कारों का संवाहक बन सकता है। यह वह शक्ति है जो जनमानस में विचार क्रांति उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने आह्वान किया कि हर पत्रकार और मीडिया कर्मी अपने कार्य को साधना के भाव से करे, ताकि समाज में सत्य, सदाचार और सद्भावना का वातावरण बने।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए मीडिया विशेषज्ञों, पत्रकारों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। सभी ने इस बात पर बल दिया कि राष्ट्र निर्माण के लिए मीडिया को जनजागरण, नैतिकता और सकारात्मकता की दिशा में सतत कार्य करना चाहिए।
